उत्तर प्रदेशकानपुर आसपासकानपुर नगरराजनीत

उपचुनाव में कांग्रेस के चयनित स्टार प्रचारकों में कानपुर के चार नेता शामिल

कानपुर : यूपी में सात सीटों पर उप चुनावों के लिए अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में कानपुर के चार नेताओं का भी नाम शामिल हैं। हालांकि इनमें से दो पूरी तरह घाटमपुर विधानसभा क्षेत्र के उप चुनाव में ताकत लगाए हुए हैं।

प्रदेश में घाटमपुर के अलावा नौगावां सादात, बुलंदशहर, टूंडला, बांगरमऊ, देवरिया तथा मल्हनी विधानसभा क्षेत्रों का उप चुनाव हो रहा है। इसके लिए कांग्रेस ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। यह सूची पार्टी ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को सौंप दी है। इसमें राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत 30 नाम हैं। इसमें कानपुर से राजीव शुक्ला, छावनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सोहिल अंसारी, पूर्व सांसद राजाराम पाल और राकेश सचान शामिल हैं।

लंबे समय बाद कानपुर के दो बड़े नेताओं पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल और एआइसीसी के राष्ट्रीय सचिव अजय कपूर का नाम इस सूची में नहीं है। अजय कपूर बिहार के चुनाव की जिम्मेदारी निभा रहे हैं, इसलिए पार्टी ने उन्हें उत्तर प्रदेश में अतिरिक्त जिम्मेदारी नहीं दी है। वहीं केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल ने बताया कि उन्होंने दो माह पहले ही नेतृत्व को बता दिया था कि अभी वह कहीं आ जा नहीं सकते।

Leave a Reply